मऊगंज विधायक के वायरल वीडियो पर पूर्व विधायक बरसे:सुखेंद्र सिंह ने कार्यशैली पर उठाए सवाल; बोले- यह जनता को बदनाम करने की साजिश

मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल के लापता होने और उनके वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने मोर्चा खोलते हुए विधायक की कार्यशैली और भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़े प्रहार किए हैं। लापता होने के दावे पर उठाए सवाल पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने विधायक प्रदीप पटेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके वायरल वीडियो और हरकतें अब किसी से छिपी नहीं हैं। उन्होंने विधायक के लापता होने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए तंज कसा कि जब सोशल मीडिया पर लगातार फोन कॉल, ऑडियो और वीडियो सामने आ रहे हैं, तो कोई व्यक्ति लापता कैसे हो सकता है? बन्ना ने कहा कि मऊगंज की जनता ने उन्हें दो बार बड़ी उम्मीदों के साथ चुना था, लेकिन वे उनकी उम्मीदों पर पानी फेर रहे हैं। मतदाता सूची और वोट चोरी का आरोप बन्ना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के युवाओं और आम जनता को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को ‘वोट चोरी’ करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि एक व्यक्ति की शिकायत पर सैकड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के पूर्वज सदियों से यहां रह रहे हैं, उन्हें भी सूची से बाहर किया जा रहा है, जो सरासर गलत है। संविधान और नीतियों पर घेरा यूजीसी और अन्य नीतियों के मुद्दे पर बोलते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के संविधान ने सभी को समानता का अधिकार दिया है, लेकिन वर्तमान सरकार वोट बैंक की राजनीति के लिए विशेष वर्ग के अधिकारों पर आघात कर रही है। उन्होंने मांग की कि इन नीतियों में सुधार किया जाना चाहिए। विधायक की सुरक्षा के सवाल पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा तभी संभव है जब वे गृह मंत्री बन जाएं, फिलहाल तो उनकी सुरक्षा उनके खुद के व्यवहार पर निर्भर करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *