लोहरदगा|झामुमो लोहरदगा जिला समिति की ओर से जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने नगर परिषद क्षेत्र से राजा बंगला निवासी, स्व. मोहर लोहरा के पुत्र व झामुमो के वरिष्ठ नेता बालमुकुंद लोहरा को पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित किया। इस घोषणा के साथ ही लोहरदगा की राजनीतिक फिजा पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गई है। जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि झामुमो ने नगर परिषद लोहरदगा के अध्यक्ष पद के लिए पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ बालमुकुंद लोहरा को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं और बालमुकुंद लोहरा की जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है। उन्होंने आगे कहा कि बालमुकुंद लोहरा जमीन से जुड़े नेता हैं, जिनका समाज के हर वर्ग में मजबूत जनाधार है। उनके पिता स्वर्गीय मोहर लोहरा का सामाजिक योगदान आज भी लोगों के बीच सम्मान के साथ याद किया जाता है और उसी विरासत को बालमुकुंद लोहरा आगे बढ़ा रहे हैं। आने वाले दिनों में झामुमो आक्रामक प्रचार के साथ जनता के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करेगा। झामुमो के इस फैसले को नगर परिषद चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदलने वाला कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें अन्य दलों की रणनीति और उम्मीदवार चयन पर टिकी हैं।


