लुधियाना| कोट मंगल सिंह इलाके में काम के लिए निकले एक कर्मचारी के साथ उसके ही दो साथियों द्वारा 2 लाख रुपए लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर-6 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोट मंगल सिंह निवासी रणजीत सिंह एक प्राइवेट कंपनी में पिछले करीब 8 साल से पेमेंट कलेक्शन का काम करता है। रणजीत ने पुलिस को बताया कि 3 जनवरी को कंपनी मालिक अजयप्रीत सिंह ने उसे मार्केट से सामान खरीदने के लिए 2 लाख रुपए नकद दिए थे। उस समय कंपनी के फोरमैन अनिल कुमार और कर्मचारी सतिंदर उर्फ कालिया भी मौके पर मौजूद थे। मालिक ने अनिल और सतिंदर को भी रणजीत के साथ मार्केट भेज दिया। रास्ते में दोपहर होने पर तीनों रणजीत के घर खाना खाने चले गए। उस समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। रणजीत ने रुपए से भरा बैग कमरे में रख दिया और खुद दूसरे कमरे में चला गया। करीब पांच मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो दोनों साथी वहां से गायब थे और रुपए से भरा बैग भी नहीं मिला। रणजीत ने दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिले। इसके बाद दोनों कर्मचारी कंपनी में भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। रणजीत ने पूरी घटना की जानकारी कंपनी मालिक को दी और खुद भी दोनों की तलाश करता रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने शक जताया है कि अनिल कुमार और सतिंदर उर्फ कालिया ही 2 लाख रुपए लेकर फरार हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।


