लुधियाना| जिले में करीब तीन साल बाद जनवरी महीने में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। एक जनवरी से 29 जनवरी तक लुधियाना में सामान्य तौर पर औसतन 17 एमएम वर्षा होती है, लेकिन इस साल 52.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से करीब 207 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 में जिले में मात्र 6.8 एमएम, 2024 में 3 एमएम, 2023 में 18.6 एमएम और 2022 में सबसे अधिक 106.4 एमएम वर्षा हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक फरवरी महीने की शुरुआत भी वर्षा के साथ होगी। एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से एक फरवरी को हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा 30 और 31 जनवरी को सुबह और शाम के समय कोल्ड वेव चलने की संभावना जताई गई है। वीरवार सुबह से ही धूप निकली। रात के समय कोल्ड वेव के चलते न्यूनतम पारा 2.20 गिरा।


