सत्यम हत्याकांड: 11 दिन के बाद भी कोई सुराग नहीं

कवर्धा| लालपुर कला नर्सरी के पीछे 18 जनवरी की रात मिले शिक्षक सत्यम मानिकपुरी (27) के शव ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि 11 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अब तक पुलिस न हत्यारों का सुराग लगा पाई है और न ही किसी ठोस संदिग्ध तक पहुंच सकी है। पुलिस ने मृतक के घर से लेकर घटनास्थल और आसपास के संभावित रास्तों के 30 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल डाली। कॉलोनियों, दुकानों, चौराहों और गलियों तक की रिकॉर्डिंग देखी गई। लेकिन अब तक कोई ऐसा फुटेज नहीं मिला, जो सीधे हत्याकांड की ओर इशारा करे। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 40 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। दोस्तों, परिचितों, सहकर्मियों से लेकर अंतिम बार साथ देखे गए लोगों तक सभी से सवाल-जवाब हुए। लेकिन कोई भी बयान जांच को निर्णायक मोड़ तक नहीं पहुंचा सका। सभी एंगल पर जांच कर रहे: एएसपी एएसपी पुष्पेंद्र बघेल का कहना है कि मामले में सभी एंगल पर टीम जांच कर रही है। मृतक से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उम्मीद है जल्द ही इसका खुलासा हो जाएगा। जांच में सामने आया है कि मृतक सत्यम दो मोबाइल नंबर इस्तेमाल करता था। दोनों नंबर आधार कार्ड से लिंक थे, जिससे पुलिस को इसका पता चला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *