अमृतसर देहाती पुलिस ने राजासांसी के ओठियां गांव की सड़क से 42.9 किलो हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड, एक स्टार मार्क पिस्तौल और 46 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि यह रिकवरी विलेज डिफेंस कमेटी से मिली पुख्ता जानकारी पर की गई। जांच में सामने आया है कि यह नशा, हथियार और विस्फोटक ड्रोन के जरिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से गिराए गए थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जांच के दौरान अमृतसर के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का काम जारी है। डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस टीमों ने गांव ओठियां में मोटरसाइकिल सवारों को रोका। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल और सामान छोड़कर पास के खेतों में अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सर्च में विस्फोटक बरामद हुए।


