दो कार शोरूम में घुसे 2 चोर, गोसेवा पात्रों से नकदी-लैपटॉप ले गए, ज्यादा कुछ नहीं मिला

जिला मुख्यालय से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर लालसोट-कोटा मेगा हाइवे स्थित अलग-अलग दो कार शोरूम को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया। कार शोरूम पर गार्ड की तैनाती के चलते चोर किसी बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे पाए। कार शोरूम में चोरी की यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। चोर दोनों शोरूम से हजारों की नकदी व सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। कुल मिलाकर चोर दोनों शोरूम से लगभग 10 से 15 हजार रुपए की नकदी, एक लेपटॉप व कुछ सामान चुराकर ले गए। चोरों की यह करतूत शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि हुंडई और किया दोनों ही कार शोरूम एक ही मालिक के हैं। फिलहाल मानटाउन थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शोरूम संचालकों के अनुसार बुधवार देर रात चोर पहले लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर करमोदा स्थित हुंडई कार शोरूम में घुसे। कांच के दरवाजों के लॉक तोड़कर शोरूम में प्रवेश किया। नकदी को लेकर चोरों ने शोरूम में रखी टेबलों, अलमारियों सहित सभी टेबल की दराजों के ताले तोड़ दिए। लेकिन चोरों को नकदी नहीं मिली तो चोर गोसेवा के लिए रखे दान पात्र को तोड़कर उसमें रखी 5-7 हजार की नकदी, एक लैपटॉप और अन्य सामान चुराकर ले गए। हुंडई कार शोरूम में बड़ी नकदी नहीं मिली तो चोर आगे बढ़ गए। कुछ ही दूरी पर स्थित किया कार शोरूम में घुस गए। यहां भी चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन नकदी नही मिली। इसके चलते चोर किया शोरूम से भी गोसेवा के लिए रखे दान पात्र को तोड़कर 4-5 हजार की नकदी और कुछ टेबल की दराजों में रखी तीन-चार हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों के जाते वक्त गार्ड की खुली नींद, पकड़ नहीं सका शोरूम पर तैनात गार्ड की नींद तब खुली जब चोर वारदात को अंजाम देकर शोरूम से बाहर निकल रहे थे। गार्ड ने चोरों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक चोर भाग निकले और गार्ड हाथ मलता रह गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *