भास्कर न्यूज| रायगड़ा सम्पूर्णता अभियान 2.0 के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक तैयारी बैठक जिला मुख्य विकास एवं परियोजना अधिकारी, जिला परिषद रायगड़ा, अक्षय कुमार खेमुंडु की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी एन. गुण शेखर, अतिरिक्त निदेशक योजना जयन्ती माला नायक, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी शान्तिलता मुनी, बीडीओ मुनिगुड़ा कृष्णचंद्र दलपति तथा बीडीओ पद्मपुर कूरेसुचंद्र जानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह तीन माह का अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चलेगा। सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत देश के 122 जिलों में 5 संकेतकों तथा आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत 513 ब्लॉकों में 6 संकेतकों पर राष्ट्रीय स्तर पर कार्य किया जाएगा। इस अभियान के प्रमुख तीन संकेतक स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि तथा शिक्षा हैं। स्वास्थ्य एवं पोषण के अंतर्गत टीबी रोग नियंत्रण पर विशेष जोर दिया जाएगा। वहीं शिक्षा के अंतर्गत विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यशील महिला शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों के अधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करेंगे तथा सफलताओं की कहानियों का संकलन करेंगे। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामुदायिक मंचों की भागीदारी, नवाचारों को बढ़ावा, आपसी सीखने की प्रक्रिया तथा प्रत्येक माह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का लिया संकल्प: 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत श्रेष्ठ कार्यों के लिए पुरस्कार प्रदान कर अभियान के समापन की घोषणा की जाएगी। बैठक में उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों ने जिले में सभी सरकारी योजनाओं के प्रभावी एवं पूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।


