बैकुंठपुर | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 1 से 31 जनवरी तक जिले में पुलिस प्रशासन एवं यातायात विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में शासकीय रामानुज प्रताप सिंहदेव पीजी कॉलेज के सभागार में सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम एवं डिजिटल फ्रॉड विषय पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। एसपी रविकुमार कुर्रे मुख्य अतिथि और प्राचार्य डॉ.एमसी. हिमधर अध्यक्ष थे। एएसपी सुरेशा चौबे भी उपस्थित रहीं। एसपी कुर्रे ने बढ़ते सड़क दुर्घटनाओं और साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नियमों की अनदेखी के कारण हर वर्ष हजारों लोग अपनी जान गंवा देते हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने पर एसपी कुर्रे का कालेज परिवार ने शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। जिला यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े और ट्रैफिक मैन महेश मिश्रा ने भी छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी।


