भास्कर न्यूज | कुसमी नगर पंचायत कुसमी में चैलेन्जर कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर नव निकेतन क्रिकेट क्लब और नगरवासियों ने उनका हर्षपूर्ण स्वागत किया। योगेश तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनसे हाथ मिलाया और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखते हैं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना भी विकसित करते हैं। कहा कि खेल मैदान युवा नेतृत्व, सहयोग और आत्मविश्वास विकसित करने का सर्वोत्तम स्थान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि खेलो इंडिया जैसे अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देते हैं। इस आयोजन में सतीष, तिनेश कुमार, सौरभ (इंडियन नेवी), श्यामदेव, प्रकाश, प्रवीण, तिरथ, ओंकार, अमर, खिलेश्वर, आकाश, आशीष, राकेश, ओमप्रकाश, किशन यदु मौजूद थे।


