सागर में लापरवाही बरतने पर दो शिक्षक निलंबित:स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से छात्र हुआ था घायल, जांच में दोषी पाए गए टीचर

सागर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला गढ़ौलीखुर्द की प्राथमिक शिक्षक व प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्णा गुप्ता और शासकीय प्राथमिक शाला बिहारीखेड़ा के प्रधानाध्यापक रामप्रसाद शर्मा मूल पद सहायक शिक्षक को कलेक्टर संदीप जीआर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एक मामले में छत का प्लास्टर गिरा
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला गढ़ौलीखुर्द के कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से कक्षा में अध्ययनरत छात्र को चोट आई। उक्त घटना पर विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र सागर और उनकी टीम द्वारा जांच की गई। विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र सागर के जांच प्रतिवेदन के अनुसार कृष्णा गुप्ता प्राथमिक शिक्षक व प्रभारी प्रधानाध्यापक शासकीय प्राथमिक शाला गढ़ौलीखुर्द प्रथम दृष्टया दोषी पाई गईं। दूसरे मामले में बच्चों को पत्तल दोने में खाना खिलाया
इसी प्रकार गणतंत्र दिवस के मौके पर शासकीय प्राथमिक शाला बिहारीखेड़ा में विशेष भोज के आयोजन में संस्था के बच्चों को पत्तल पर भोजन करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित हुए। जिस पर कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र सागर और उनकी टीम ने गुरुवार को संस्था में उपस्थित होकर जांच की गई। प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार शिकायत की पुष्टि करते हुए संस्था प्रधानाध्यापक रामप्रसाद शर्मा मूल पद सहायक शिक्षक की गंभीर लापरवाही पाई गई। दोनों मामलों में शिक्षकों के लापरवाहीपूर्ण व्यवहार और प्रथमदृष्टा दोषी पाए जाने पर दोनों शिक्षकों कृष्णा गुप्ता और रामप्रसाद शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *