खैरथल-तिजारा जिले में ओला की इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक आग लगने से पूरी जल गई। दरअसल, सड़क पर चलती स्कूटी बंद हो गई थी। स्कूटी सवार उसे स्टार्ट कर रहा था। इसी दौरान धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकेंड में स्कूटी में आग लग गई। महज 2-3 मिनट में स्कूटी जलकर खाक हो गई। हादसा कोटकासिम साबी नदी के पास सब्जी मंडी के सामने बुधवार दोपहर 2 बजे हुआ। गनीमत रही कि आग लगते ही स्कूटी मालिक दूर चला गया था, जिससे उसकी जान बच गई। स्कूटी से नौकरी पर जा रहा था
बीबीरानी के खेड़ा गांव निवासी ऋषिपाल ने बताया- मैंने करीब 6 महीने पहले ओला कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। मैं स्कूटी से रोजाना गांव खेड़ा से हरियाणा के बावल में कंपनी में जॉब करने जाता था। रोजाना की तरह ही बुधवार को भी अपने गांव से बावल जा रहा था। स्टार्ट कर रहा था तो धुआं निकला, फिर आग लग गई
ऋषिपाल ने बताया- जैसे ही मैं साबी नदी के पास सब्जी मंडी के सामने पहुंचा, स्कूटी अचानक बंद हो गई। मैं कुछ समझ नहीं पाया। मैंने रोड पर खड़ी स्कूटी को जैसे ही स्टार्ट करने का प्रयास किया तो अचानक सीट के नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया। मैंने इसे इग्नोर कर दिया और फिर से स्कूटी को स्टार्ट करने लगा। स्कूटी स्टार्ट तो नहीं हुई, लेकिन अंदर से तेज आवाज आई। मैं डर गया और तुरंत स्कूटी को खड़ा कर दूर चला गया। इसके बाद एक और धमाका हुआ। स्कूटी से बहुत ज्यादा धुआं निकलने लगा। मैंने स्कूटी से अपनी दूरी और बढ़ा ली और करीब 20 से 25 कदम दूर जाकर खड़ा हो गया। कुछ सेकेंड में स्कूटी के पिछले हिस्से में एक और धमाका हुआ और स्कूटी में आग लग गई। मुश्किल से दो से तीन मिनट में ही स्कूटी पूरी तरह जल गई। रोड पर खड़ी स्कूटी को जलता हुआ देख आसपास के लोग जुट गए थे। ऋषिपाल ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कोटकासिम थाना अधिकारी नंदलाल सिंह जांगिड़ ने बताया- थाने में उनके पास इस तरह की कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है। यदि लिखित में शिकायत आती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। एक्सपर्ट बोले- बैटरी में फॉल्ट की वजह से लगती है आग
इलेक्ट्रिक व्हीकल के शोरूम हर्ष मोटर्स के मालिक तरुण शर्मा ने बताया- इलेक्ट्रिक स्कूटी में ज्यादातर बैटरी में फॉल्ट होने से आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इलेक्ट्रिक स्कूटी में मोटर में किसी भी तरह का फॉल्ट नहीं होता है।


