राजस्थान सरकार के आगामी बजट में जनजाति बाहुल्य विधानसभाओं और ग्रामीण अंचलों की प्रमुख जरूरतों को शामिल कराने की मांग को लेकर भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा, शिक्षा, सड़क, पेयजल, कौशल विकास और ग्रामीण रोजगार से जुड़े कार्यों एवं योजनाओं को लेकर एक विस्तृत सुझाव व मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने पिछले दो बजटों में उदयपुर जिले को उल्लेखनीय सौगातें दी हैं। अब आगामी बजट में जनजाति बाहुल्य विधानसभाओं के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने, शैक्षणिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शुद्ध पेयजल उपलब्धता जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिलाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वस्त किया कि जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों के विकास से जुड़े उपयोगी सुझावों और योजनाओं को बजट घोषणा पत्र में सम्मिलित किया जाएगा तथा इन क्षेत्रों के लिए पर्याप्त बजट आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर खेरवाड़ा विधानसभा के प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक नानालाल अहारी, धरियावद विधानसभा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा भी मौजूद थे।


