राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान गुरुवार को विधानसभा में हंगामा हुआ। मनरेगा का नाम बदल कर वीबी-जी राम जी करने, गो तस्करी व गो मांस निर्यात, जेजेएम घोटाला, मां बाड़ी केंद्र में कमीशनखोरी, एसआईआर में फर्जी फॉर्म भरने सहित अन्य मामलों को लेकर भाजपा व कांग्रेस के विधायकों के बीच कई बार टकराव हुआ। गो मांस के निर्यात को लेकर पक्ष व विपक्ष के बीच टकराव बढ़ा तो दोनों तरफ से नारेबाजी होने लगी। इस पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा की ओर से लगाए आरोपों को सदन की कार्यवाही से हटवा दिया। इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि सबूत दो या माफी मांगो। इस दौरान कांग्रेसी विधायकों ने गो तस्कर मुर्दाबाद के नारे लगाए, वहीं भाजपा विधायकों ने राहुल गांधी मुर्दाबाद बोलते हुए नारेबाजी की। इससे पहले कांग्रेस विधायक ने एसआईआर में नाम कटवाने के लिए कई फर्जी फॉर्म भर कर जमा करवाने के आरोप लगाए और दस्तावेज टेबल करने के लिए कहा। कांग्रेसी विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार ने राज्यपाल से अभिभाषण में असत्य बुलवाया है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे को घेरा भाजपा: पूर्व सीएम के इलाकों में 25 करोड़ का घोटाला किया भाजपा विधायक अतुल भंसाली ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भंसाली ने कहा, कांग्रेस राज में खूब भ्रष्टाचार हुआ। पूर्व सरकार के घोटाले अब खुल रहे हैं। घोटाले करने वाले मंत्री खुद जेल में हैं। मेरे खुद के जोधपुर शहर में आरयूआईडीपी के काम में 25 करोड़ का घोटाला पूर्व सीएम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में किया। कांग्रेस: विधायक ने मंत्री पर लगाया कमीशन का आरोप बहस के दौरान कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने जनजाति विकास मंत्री पर कमीशन का आरोप लगाया। इस पर मंत्रियों ने कड़ी आपत्ति की, हंगामा हो गया। सभापति ने आरोपों को कार्यवाही से हटाने का आश्वासन दिया। जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि एक पैसे का आरोप साबित कर दे तो राजनीति छोड़ दूंगा। प्रश्नकाल: गोशाला अनुदान पर जवाब अभिभाषण पर 16 घंटे चर्चा: कुल 16 घंटे में से भाजपा को 9 घंटे 26 मिनट, कांग्रेस को 5 घंटे 22 मिनट, बीएपी को 19 मिनट, बीएसपी को 10 मिनट, आरएलडी को 5 मिनट व निर्दलीयों को कुल 38 मिनट मिलेगा। पोस्टर लहराए: सदन में सीकर में दुष्कर्म की घटना पर कांग्रेस के राजेंद्र पारीक ने पॉइंट ऑफ ऑर्डर में मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायक पोस्टर लहराने लगे तो स्पीकर ने टोका। पोस्टर नीचे रख दिए गए। सीएम ने लड्डू बांटे: सीएम हां पक्ष की लॉबी में पहुंच गए। विधायकों को पूरे समय सदन में रहने की हिदायत दी। सबको लड्डू खिलाया। एसआईआर में फर्जीवाड़ा.. 500 साल जेल होगी: उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने एसआईआर में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। रामकेश मीणा ने कहा कि एसआईआर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फर्जीवाड़ा किया है। एक-एक कार्यकर्ता ने फर्जी हस्ताक्षर करके 500-500 फॉर्म जमा करवा दिए हैं। जिसने भी फर्जी हस्ताक्षर किए हैं, उसमें एक फॉर्म पर एक साल की सजा है। आप लोगों को 500 साल की जेल होगी। 500 साल तक जेल में रहना चाहते हो क्या? इसकी जांच होगी और हम जांच करवाएंगे। शून्यकाल: बाल मुकुंदाचार्य बोले- मीनारों पर लगे लाउड स्पीकर की आवाज कम हो शून्यकाल के समय भाजपा विधायक बाल मुकुंदाचार्य ने राजधानी जयपुर के शहरी इलाकों में मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर से अजान का मामला उठाया। कहा कि तेज आवाज से बच्चों की पढ़ाई में दिक्कत आती है। बीमार परेशान होते हैं। सरकार इनकी आवाज पर नियमों के अनुसार कार्रवाई करे। इसी मुद्दे पर सदन के बाहर गृह राज्यमंत्री बेढम ने मीडिया से कहा- माइक और लाउडस्पीकर के संचालन के जो निर्देश हैं, वह प्रभावी तरीके से लागू हों। आस-पड़ोस के लोगों को कोई व्यवधान न हो, इसको हम सुनिश्चित करेंगे। वन मंत्री ने अधिकारी को किया निलंबित: कांग्रेस के हरिमोहन शर्मा ने प्रश्नकाल में बूंदी में औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण संबंधी प्रश्न पर आरोप लगाए कि अधिकारी की लापरवाही से प्रदूषण वाली इकाइयों पर कार्रवाई नहीं हो रही। पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा के निर्देश पर बूंदी के पर्यावरण अभियंता शिव कुमार को निलंबित कर दिया गया। सरकार ने कहा- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया, अभी स्थायी नहीं करेंगे। कनिष्ठ लिपिक के 9806 रिक्त पदों को भरे जाने के लिए कर्मचारी चयन बोर्ड के स्तर पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि दुर्गम स्थानों पर कोर्ट खोलने के लिए हाई कोर्ट की अनुमति के बाद प्रयास किए जाएंगे। पशुपालन विभाग ने बताया कि पशु चिकित्सा अधिकारी एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी-विशिष्ठ की पदोन्नति संबंधी कार्यवाही कोर्ट के स्तर से रोक के कारण 14 साल से लंबित है।


