ओले और बारिश के 24 घंटे बाद सागर में सुबह धूप निकल आई। दोपहर तक ठंड से राहत मिली, लेकिन शाम होते-होते सिहरन बढ़ने लगी। रात के पारे में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सर्दी और घने कोहरे का असर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह कोहरा छाया रहा। सुबह 9 बजे के बाद धूप निकली। मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया। हाईवे पर विजिबिलिटी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिले में शीतलहर चलने की आशंका: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ओले व बारिश से मौसम में आए बदलाव के कारण रात का तापमान गिर रहा है। दिन में शीतलहर चलने की आशंका है। फसलों को नुकसान नहीं कृषि विभाग के अनुसार फिलहाल गेहूं, चना व मसूर की फसल को ज्यादा नुकसान नहीं है। लेकिन पाले की स्थिति बनी तो सब्जियों को नुकसान हो सकता है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश नहीं हुई। संक्रांति के बाद ठंड का असर कुछ कम हुआ था, लेकिन ठंड बढ़ने से एक बार फिर गरम कपड़े निकल आए हैं। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। पशु-पक्षियों पर भी ठंड का असर देखा जा रहा है।


