साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य रामलाल के सान्निध्य में 7 मुमुक्षुओं की होगी भगवती दीक्षा

साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य देशनोक मूल के रामलाल महाराज के सान्निध्य में शुक्रवार को नोखा में 7 मुमुक्षु श्रावक-श्राविकाओं की भागवती दीक्षा होगी। मुमुक्षु श्रावक-श्राविकाओं की गुरुवार को शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा व दीक्षा में बीकानेर, गंगाशहर, भीनासर, उदासर, उदयरामसर सहित देश के विभिन्न इलाकों से श्रावक-श्राविकाएं नोखा पहुंच रहे हैं। आचार्य रामलाल महाराज करीब सात वर्षों के बाद भीलवाड़ा में चातुर्मास संपन्न कर बीकानेर जिले में पहुंच रहे हैं। अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व अध्यक्ष चंपालाल डागा ने बताया कि आचार्यश्री के बीकानेर जिले में पहुंचने पर लोगों में श्रद्धा, भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। आचार्य ने अब तक देश के विभिन्न स्थानों लगभग 400 में मुमुक्षुअेंं को दीक्षित किया है। अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व अध्यक्ष चंपालाल डागा ने बताया कि 7 फरवरी को जैन भगवती दीक्षा ग्रहण करने वालों में नोखा के लक्सीमल कांकरिया, मुमुक्षु करिश्मा लूणिया, बैंगलुरु के चाहत कोठारी, बाड़ी निम्बाहेड़, चितौड़ की मुमुक्षु ज्योति कांठेड, डोण्डी लोहारा की मुमुक्षु राखी सांखला, राजनांदगांव की मुमुक्षु युक्ता चौरड़िया, बेगू की मुमुक्षु श्रद्धा आंचलिया शामिल है। डागा ने बताया कि वर्तमान में साधुमार्गी जैन संघ के वर्तमान में करीब 500 से अधिक मुनि व साध्वीवृंद का समूह है। आचार्य रामलाल अपने आचार्य के कार्यकाल में 5 नवम्बर 2023 तक नीमच में 376 दीक्षाएं दे चुके हैं। उसके बाद जावद में 22 जनवरी 2024 को 4, निम्बाहेड़ा चितौड़ में 17 फरवरी 2024 को 2 मुमुक्षुओं को दीक्षा देकर पांच महाव्रत धारण करवाया। अब नोखा में दो श्रावकों सहित पांच मुमुक्षु श्राविकाओं की दीक्षा हो रही है। साधुमार्गी जैन संघ के सेवाभावी श्रावक सुशील बैद ने बताया कि सभी 7 मुमुक्षुओं की शोभायात्रा (वरघोड़ा) गुरुवार सुबह सवा आठ बजे जैन चौक से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए भट्ठड़ स्कूल पहुंचेगा। जहां सुबह नौ बजे जैनाचार्य रामलाल महाराज का प्रवचन, दोपहर साढ़े बारह अभिनंदन समारोह, दोपहर दो बजे ओघा बंधाई, शाम को चौबीसी व भजन संध्या होगी। भट्ठड़ स्कूल परिसर में ही शुक्रवार सुबह दस बजे प्रवचन व उसके बाद दीक्षाभिषेक होगा। जैनाचार्य रामलाल की ओर से प्रदत की जाने वाली दीक्षाओं के लिए नोखा का साधुमार्गी जैन संघ, साधुमार्गी जैन महिला मंडल, साधुमार्गी जैन समता युवा संघ, साधुमार्गी जैन समता बालिका मंडल की टीमें विभिन्न व्यवस्थाओं में लगी है। व्यसन मुक्ति के प्रणेता, आचार्य नानालालजी के शिष्य जैनाचार्य रामलालजी बीकानेर चौखले में नोखा के बाद गंगाशहर भीनासर आएंगे। उनके सान्निध्य में अक्षया तृतीया 30 अप्रैल को दीक्षा व अक्षया तृतीया के वृहद पारणे के आयोजन होंगे। भगवान महावीर स्वामी के मंदिर का वार्षिक ध्वजारोहण 7 को : जैन श्वेताम्बर पार्श्वचन्द्र गच्छ की साध्वी पद्म प्रभा व सुव्रता के सान्निध्य में शुक्रवार को आसानियों के चौक के भगवान महावीर स्वामी के जिनालय में वार्षिक ध्वजारोहण सतर भेदी पूजा के साथ आयोजित किया जाएगा। जैन श्वेताम्बर पार्श्वचन्द्र गच्छ के अध्यक्ष रविन्द्र रामपुरिया ने बताया कि शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे रामपुरिया पिरोल से संघ के मंत्री प्रताप रामपुरिया के निवास से ध्वजाएं जिनालय लाई जाएगी। जिनालय में मूलनायक भगवान महावीर स्वामी के साथ भगवान पार्श्वनाथ, भगवान शांतिनाथ के जिन बिम्बों के गुम्बज पर ध्वजाएं चढ़ाई जाएगी। पार्श्व महिला मंडल की ओर से सुबह नौ बजे भक्ति संगीत के साथ सत्तर भेदी पूजा की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *