प्लांट लवर संस्थान बाड़मेर की ओर से 21 से 23 फरवरी तक स्थानीय हाई स्कूल प्रांगण के अमृत वाटिका में तीन दिवसीय प्लांट एवं फ्लावर प्रदर्शनी आयोजित होगी। बुधवार को प्रदर्शनी के पोस्टर का विमोचन संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। संस्था के अध्यक्ष आनंद डागा ने बताया कि तीन दिन तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का नाम नव पल्लव 2025 रखा गया है। इसको लेकर वृहद स्तर पर तैयारियां की जा रही है। प्रदर्शनी में 500 प्रजातियों के करीब 2500 से अधिक पौधे, इंडोर प्लांट का प्रदर्शन किया जाएगा। संस्थान के महिला विंग की पुष्पा हंस एवं प्रेरणा बख्ताणी ने बताया कि इस आयोजन में नारी शक्ति की भागीदारी निश्चित रहेगी। उन्होंने बताया कि थोड़ा समय निकालकर घर को सुंदर पौधे से सजाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि घर में पड़े कबाड़ एवं घर के रसोई से निकलने वाले वेस्ट को कैसे बेस्ट बनाया जा सकता है इसकी जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। संस्थान के गणेश अग्रवाल द्वारा घर की छत पर आसानी से सब्जियों को कैसे उगाया जाए, उसकी देखभाल कैसे की जाएं जैसी जानकारी अलग-अलग से दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को जागरुक करते हुए हर घर में कम से कम दस पौधे लगे ऐसी अलख जगाने का प्रयास है।


