किशोरगंज निवासी निरंजन प्रसाद चौरसिया अपने छोटे भाई की तलाश में पिछले 3 दिनों से भटक रहे हैं। लाख मिन्नत करने के बाद भी पुलिस उनके भाई को खोजने के लिए धुर्वा डैम में गोताखोर नहीं उतार रही है। पुलिस कह रही है कि 72 घंटे तक इंतजार करिए, अगर डैम में शव होगा तो खुद बाहर आ जाएगा। दरअसल, किशोरगंज निवासी श्रवण कुमार चौरसिया (50 वर्ष) रविवार की दोपहर 1:45 बजे अपने घर से निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। शाम 6.30 बजे परिजनों को पुलिस ने सूचना दी कि उनकी स्कूटी, मोबाइल व चप्पल धुर्वा डैम के पास है। परिजन वहां पहुंचे और सामान लेकर घर आ गए। मामला नगड़ी थाना में दर्ज कराया गया। लेकिन, अबतक श्रवण कुमार का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का कहना है कि धुर्वा डैम में गोताखोर उतारा जाए। लेकिन, तीन दिन बाद भी पुलिस ने डैम में खोजबीन के लिए गोताखोर नहीं उतारा है। पत्नी के साथ बात में आधा घंटा में घर आने को कहा था श्रवण चौरसिया अपने भाई के साथ नमकीन का काम करते हैं। बड़े भाई ने बताया कि श्रवण कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। उसका इलाज चल रहा था। अंतिम बार उसने मोबाइल से अपनी पत्नी से बात की थी। कहा था कि आधे घंटे में घर वापस आ जाएंगे। लेकिन, नहीं लौटे। उसकी दो बेटियां व एक बेटा है।


