खन्ना-फतेहगढ़ साहिब में तेज आवाज से दहशत फैली:पुलिस ने कहा, फाइटर जेट की आवाज हो सकती है; अफवाहों से बचें

बीती रात खन्ना और फतेहगढ़ साहिब इलाकों में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। यह आवाज इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। रात के सन्नाटे में हुई इस घटना से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर हालात की जानकारी ली, जबकि कुछ लोगों ने आसमान में तेज गति से उड़ती वस्तु देखे जाने की बात भी कही। दहशत फैलने की सूचना मिलते ही खन्ना और फतेहगढ़ साहिब पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी शुभम अग्रवाल के निर्देशों पर पुलिस की अलग-अलग टीमें इलाकों में गश्त के लिए भेजी गईं। रात भर शहरों के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी पुलिस ने पेट्रोलिंग की, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। जांच के दौरान कहीं भी किसी विस्फोट, आगजनी या नुकसान के कोई सबूत नहीं मिले। आज सुबह फतेहगढ़ साहिब के एसपी पीबीआई जसकीरत सिंह अहीर ने बताया कि आवाज की सूचना मिलते ही पुलिस को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि पूरी रात पुलिस की टीमें फतेहगढ़ साहिब के इलाकों में गश्त करती रहीं, लेकिन किसी भी तरह का कोई जानी या माली नुकसान सामने नहीं आया है। एसपी जसकीरत सिंह अहीर ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई कि यह धमाके जैसी आवाज किसी फाइटर जेट (लड़ाकू विमान) के गुजरने के कारण हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब फाइटर जेट बहुत तेज रफ्तार से उड़ान भरता है, तो उसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई देती है और कई बार यह आवाज धमाके जैसी महसूस होती है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि फाइटर जेट की उड़ान आमतौर पर ट्रेनिंग या नियमित अभ्यास का हिस्सा होती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *