रांची नगर निगम क्षेत्र में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 808 मतदान केंद्र और 101 सहायक मतदान केंद्र हैं। इन केंद्रों पर कुल 10,27,723 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्डवार मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए केंद्र बनाए गए हैं। एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाताओं को रखा गया है, ताकि मतदाताओं को वोट डालने के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े। 53 वार्ड में सबसे अधिक बूथ वार्ड नंबर 50 में बनाए गए हैं। वार्ड 50 में सबसे अधिक 32,615 मतदाता हैं, इसलिए वहां 29 बूथ बनाए गए हैं। वहीं, वार्ड नंबर 53 में सबसे कम 10 बूथ बनाए गए हैं, जबकि यहां कुल 11,938 मतदाता हैं। सबसे कम 11,472 मतदाता वार्ड नंबर 21 में हैं, लेकिन वहां 12 बूथ बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कुछ बूथों को मॉडल बूथ बनाया जाएगा। वहीं, बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप व व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पहले मतदाता का गुलाब फूल देकर स्वागत किया जाएगा।


