सरगुजा संभाग में गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सरगुजा संभाग में बादल छाए रहने से नमी बढ़ी है। कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री दर्ज किया गया है। पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहने एवं मौसम में आद्रता बढ़ने का असर शुक्रवार को भी दिखा। शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा एवं विजिबिलिटी गिरकर 15 से 20 मीटर तक रह गई। कोहरे के असर से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। हालांकि कोहरा शुक्रवार को जल्दी छट गया। तापमान में गिरावट, पाट क्षेत्रों में बढ़ी ठंड
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में गिरावाट आई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 10.3 डिग्री दर्ज किया गया है। पाट क्षेत्रों में सर्द हवाओं के कारण खासी ठंड पड़ रही है। पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री से नीचे रहा। दो दिन बाद बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों तक तापमान गिरने से ठंड पड़ेगी इसके बाद न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है। कोहरे एवं बादलों के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बादलांे की आवाजाही जारी रहेगी। बादलों के कारण उत्तरी शीतलहरों पर ब्रेक लगा है, जिससे तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। आद्रता अधिक होने के कारण कोहरा छा रहा है।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि 31 जनवरी के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है।


