देवल पाल चौपाल में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं:जल जीवन मिशन में पानी, स्कूल-आंगनवाड़ी केंद्र बनाने की मांग

डूंगरपुर की पंचायत समिति डूंगरपुर की ग्राम पंचायत देवल पाल में गुरुवार रात जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत पानी की आपूर्ति शुरू करने, आंगनवाड़ी केंद्र और स्कूल खोलने सहित कई प्रमुख मांगें रखीं। कलेक्टर ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। राजकीय सीनियर माध्यमिक स्कूल में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बावजूद अब तक पानी की आपूर्ति शुरू न होने पर असंतोष व्यक्त किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और जल्द से जल्द पानी की सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने वली फला में आंगनवाड़ी केंद्र स्वीकृत करने और एक नया प्राथमिक विद्यालय खोलने की भी मांग की। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेकर इन मांगों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई, ताकि ग्रामीण उनका लाभ उठा सकें। जिला कलेक्टर ने विकसित भारत योजना के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में गांव के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक रेखा देवी घोघरा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल पहाड़िया, उपखंड अधिकारी सोनू कुमार गुर्जर, तहसीलदार कमलेश मीणा, विकास अधिकारी प्रवीण सिंह राव सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *