NH-27 पर रॉन्ग साइड दौड़ाई गाड़ी, 9 पर केस दर्ज:बारां पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर की सख्त कार्रवाई

बारां पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। नेशनल हाईवे-27 पर गलत दिशा में वाहन चलाने वाले नौ ड्राइवरों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 28 जनवरी को आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नेशनल हाईवे-27 पर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य गलत दिशा में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक, ऑटो और टेंपो जैसे गलत दिशा में चल रहे वाहनों के ड्राइवरों के खिलाफ संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज किए गए। यह कार्रवाई अंता, बारां सदर, कोतवाली, किशनगंज, भंवरगढ़, केलवाड़ा, कस्बाथाना और शाहबाद क्षेत्रों में की गई। एसपी अंदासु ने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि इससे आमजन की जान को सीधा खतरा होता है। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित दिशा में वाहन चलाने और तेज गति व लापरवाही से बचने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *