एनसीएल जयंत परियोजना में टिपर हादसा:सुपरवाइजर गंगाराम रजक गंभीर घायल, नेहरू अस्पताल में इलाज जारी

सिंगरौली जिले की एनसीएल जयंत परियोजना में गुरुवार देर रात एक औद्योगिक हादसा हो गया। इस दौरान हर्ष ट्रांसपोर्ट में कार्यरत सुपरवाइजर गंगाराम रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एक टिपर वाहन को पीछे किया जा रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैकिंग के दौरान टिपर अनियंत्रित हो गया, जिससे वाहन के पास खड़े सुपरवाइजर गंगाराम रजक उसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल सुपरवाइजर को वाहन के नीचे से बाहर निकाला। गंगाराम रजक को तत्काल एनसीएल के नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। यह घटना मोरवा थाना क्षेत्र में हुई है। मोरवा पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तकनीकी चूक या सुरक्षा मानकों में लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद परियोजना क्षेत्र में कुछ समय के लिए कार्य प्रभावित रहा। एनसीएल प्रबंधन और हर्ष ट्रांसपोर्ट ने मामले की आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *