शिवपुरी शहर के वार्ड क्रमांक 38 स्थित शिवशक्ति नगर में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर हो गया है। दूषित पानी की शिकायत के बाद नगर पालिका द्वारा कथित रूप से बोरवेल की पाइपलाइन का कनेक्शन काट दिए जाने से इलाके में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय नगर पालिका ने शिकायत के बाद पानी का कनेक्शन ही काट दिया। इसके चलते अब रहवासियों को दूर स्थित बोरवेल से पानी लाना पड़ रहा है। पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। रहवासियों का यह भी कहना है कि नगर पालिका नई पाइपलाइन बिछाने के नाम पर प्रत्येक परिवार से 300 रुपये की मांग कर रही है, जिससे पहले से परेशान लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। गंदे पानी की शिकायत की तो सप्लाई ही रोक दी
स्थानीय महिला गीता रजक ने बताया कि नाली से गुजर रही फूटी पाइपलाइन की शिकायत इसलिए की गई थी ताकि घरों में गंदा पानी आना बंद हो सके, लेकिन नगर पालिका ने पाइपलाइन सुधारने के बजाय पूरे बोरवेल कनेक्शन को ही काट दिया। गुड्डी सेन ने बताया कि शिवशक्ति नगर में अभी तक सिंध जलावर्धन योजना के तहत मणीखेड़ा से पानी की पाइपलाइन नहीं डाली गई है। ऐसे में सरकारी बोरवेल ही इलाके का एकमात्र सहारा था, जिसे अब बंद कर दिया गया है। वहीं ममता सेन ने बताया कि नाली के अंदर से डाली गई पाइपलाइन टूट चुकी थी, जिससे गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा था। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुधार नहीं किया गया और अंत में पूरी लाइन ही काट दी गई, जिससे पानी की समस्या और गंभीर हो गई है।


