छिंदवाड़ा में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अलका टॉकीज के पास स्थित स्वास्तिक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दुकान में ऑटो पार्ट्स और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और यातायात को आंशिक रूप से डायवर्ट किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन और कारणों की जांच की जाएगी।


