डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के गैंजी घाटा में शहीद काली बाई और नाना भाई खांट की मूर्तियों को असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र और आदिवासी समाज में आक्रोश फैल गया है। ये मूर्तियां 19 जून 2022 को आदिवासी परिवार द्वारा गैंजी घाटा में स्थापित की गई थीं। गुरुवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने इन मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया, जिससे वे खंडित हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही आदिवासी संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने इसे समाज की धरोहर और गौरव का अपमान बताया है। सूचना मिलने पर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। डूंगरपुर एसडीएम सोनू गुर्जर और सीमलवाड़ा एसडीएम विवेक गुर्जर भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आदिवासी समाज के लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


