खरगोन में किसान कल्याण वर्ष की जागरूकता रैली:विधायक बोले- खाद-बीज उपलब्ध कराने जैसी सुविधाएं अब डिजिटल माध्यम से मिलेंगी

खरगोन में किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य किसानों को सालभर किसान कल्याण की विभिन्न योजनाओं और उनकी डिजिटल प्रक्रियाओं से अवगत कराना है। यह रैली दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुई। इसे विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर भव्या मित्तल, कृषि उप संचालक एसएस राजपूत, जिला सहकारी बैंक सीईओ संध्या रोकड़े और मंडी सचिव शर्मिला निनामा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में क्षेत्र के 100 से अधिक किसान और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक पाटीदार ने बताया कि प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों को योजनाओं और कृषि सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। विधायक ने आगे कहा कि जैविक कृषि की ओर किसानों का रुझान बढ़ रहा है, और उन्हें खाद व बीज उपलब्ध कराने जैसी सुविधाएं अब डिजिटल माध्यम से मिलेंगी। डिजिटल टोकन के जरिए किसानों को ये सुविधाएं प्राप्त होंगी। किसान कल्याण वर्ष के दौरान किसानों को नई योजनाओं और उनके लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा। बाइक रैली ने शहर में लगभग 2 किलोमीटर का भ्रमण किया और अनाज मंडी में समाप्त हुई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र तंवर, सहायक संचालक प्रकाश ठाकुर, बीएस सेंगर सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *