रायसेन जिले की सिलवानी तहसील कार्यालय में शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजली और पानी की समस्या को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। ग्राम पठा पौड़ी में पिछले करीब 15 दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को पानी और बच्चों की पढ़ाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने की नारेबाजी
धरने में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय पटेल के साथ ग्रामीण मौजूद थे जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (MPVVCL) के अधिकारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी है और शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नल-जल योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण हो चुका है, लेकिन बिजली न होने के कारण पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की जा रही है। ऐसे में ग्रामीण पीने के पानी के लिए भी भटकने को मजबूर हैं। धरने पर बैठे किसानों और ग्रामीणों की मांग थी कि एमपीवी विभाग के सुपरवाइजर को मौके पर बुलाकर जनसंवाद कराया जाए, ताकि समस्या का समाधान निकल सके। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि तहसीलदार सुधीर शुक्ला ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया। तहसीलदार ने कथित तौर पर कहा, “इस तरह धरना देकर आपकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, आप चाहे आंदोलन करें या धरना दें।” धरने की सूचना मिलते ही सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की।


