बुरहानपुर जिले में तीन दिन पहले हुई तेज बारिश और आंधी से प्रभावित फसलों का शुक्रवार को खंडवा संसदीय सीट से सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद ने खेतों में पहुंचकर किसानों से बातचीत की और उन्हें नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सांसद पाटील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सर्वे का कार्य जल्द से जल्द पूरा करें। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। सांसद ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी स्थिति से अवगत करा दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार किसानों के हित में काम करती है। राजस्व अमले द्वारा फसलों के नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि का वितरण किया जाएगा। सांसद ने ग्राम पातोंडा, बिरोदा और भोलाना के खेतों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। किसानों ने उन्हें बताया कि आंधी-तूफान के कारण गेहूं, मक्का, चना और केले जैसी फसलें बड़े पैमाने पर खराब हो गई हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, क्षेत्रीय किसान, बुरहानपुर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


