रीवा में अबॉर्शन के लिए 30000 में डील:वीडियो में नर्सिंग होम कर्मचारी बोला- सब सिस्टम सेट है, किसी को कुछ पता नहीं चलेगा

रीवा में गर्भपात कराने की डील का वीडियो सामने आया है। इसमें शहर के कॉलेज चौराहे के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम में गर्भपात कराने की डील हो रही है। वीडियो में नर्सिंग होम कर्मचारी एक व्यक्ति से गर्भपात के लिए 30 से 35 हजार रुपए की मांग करता दिख रहा है। बाद में सौदा 30 हजार रुपए में तय होता है। कर्मचारी यह भी दावा करता है कि पूरे रीवा में सिर्फ वही और उसकी मैडम ही ये काम करते हैं, इसलिए कीमत इतनी ज्यादा है। सब सिस्टम सेट है, किसी को कुछ पता भी नहीं चलेगा। पढ़िए युवक और नर्सिंग होम कर्मचारी के बीच पूरी बातचीत युवक- अबॉर्शन करवाना है? कर्मचारी- कितने माह का है? युवक- 3 माह का है। लड़की की उम्र 19 साल है। कर्मचारी- 18 साल मानकर चलो। युवक- पुलिस केस की दिक्कत तो नहीं होगी? कर्मचारी- सब सिस्टम सेट है, किसी को कुछ पता नहीं चलेगा। युवक- कितने पैसे लग जाएंगे? कर्मचारी- 35,000 लग जाएंगे। युवक- पैसे ज्यादा हैं…। कर्मचारी- 30,000 से नीचे नहीं हो पाएगा, हम रोज यही करते हैं। मैडम और सर को सबको देना पड़ता है। कर्मचारी- अब देर नहीं करनी चाहिए। कल सुबह ले आओ, काम हो जाएगा। वीडियो की पुष्टि के लिए दैनिक भास्कर की टीम नर्सिंग होम पहुंची। वहां वीडियो में दिख रहे कर्मचारी ने नर्सिंग होम में काम करने की पुष्टि की। हालांकि, बाद में वह मुकर गया और किसी से फोन पर बात करते हुए बात को टालने लगा। सीएमएचओ ने दिए जांच के आदेश
इस पूरे मामले को लेकर सीएमएचओ डॉक्टर संजीव शुक्ला ने कहा कि गर्भपात का ये बड़ा मामला संज्ञान में आया है। मामला बेहद संवेदनशील है, जिसकी बिंदुवार जांच कराई जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर नर्सिंग होम को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। नर्सिंग होम प्रबंधन ने किया इनकार
वहीं, नर्सिंग होम प्रबंधन ने इससे पल्ला झाड़ लिया है। उनका कहना है कि वह कर्मचारी कभी-कभी उनके यहां घूमने आता है। जबकि कर्मचारी का कहना है कि वह कई सालों से वहीं काम कर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *