जामताड़ा में मलांचा नेचर पार्क का गार्ड लापता:नाइट ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटा, परिजनों ने नाला थाना में दर्ज कराया गुमशुदगी का मामला

जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड स्थित मां मलांचा नेचुरल पार्क से कार्यरत गार्ड सजल मंडल लापता हो गए हैं। उनकी गुमशुदगी की सूचना नाला थाना में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लगभग 21 वर्षीय सजल मंडल बुधवार, 28 जनवरी को शाम करीब 4:30 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। उनकी ड्यूटी रात से सुबह 5 बजे तक थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की। उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला। चिंतित परिजनों ने मां मलांचा नेचुरल पार्क में फोन कर जानकारी ली। पार्क प्रबंधन ने बताया कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद सजल मंडल घर के लिए रवाना हो चुके थे। इसके बावजूद उनके घर न पहुंचने से मामला और जटिल हो गया। सजल मंडल का कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने शुक्रवार को नाला थाना में थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर गुमशुदगी की सूचना दी। सजल मंडल की माता माला मंडल ने बताया कि उनका बेटा कभी बिना बताए घर से नहीं जाता था और हमेशा समय पर लौट आता था। वह नेचुरल पार्क में गार्ड के तौर पर काम करता था और पौधों को पानी देने का भी कार्य करता था। सजल मंडल के मामा रंजीत घोष ने बताया कि उन्हें फोन पर घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने भी अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थाना से उन्हें आश्वासन मिला है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से सजल मंडल को सुरक्षित ढूंढकर जल्द से जल्द उनके सुपुर्द करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में नाला थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित बिंदुओं पर जांच जारी है। उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लापता गार्ड का जल्द से जल्द पता लगाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *