कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत बरेहटा की शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक अरविंद कुजूर गुरुवार को नशे की हालत में स्कूल पहुंचे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक अरविंद कुजूर नशे की हालत में ठीक से बोल और संभल नहीं पा रहे थे। उनकी स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि वे बच्चों को पढ़ाने में असमर्थ थे। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष है। विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विद्यालयों में अनुशासनहीनता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एक शिक्षक द्वारा बच्चों को कथित तौर पर शराब पिलाने का वीडियो सामने आया था, जिसे बाद में ‘कोल्ड्रिंक’ बताकर शांत कर दिया गया था। ऐसी घटनाओं से शिक्षा विभाग की निगरानी और कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस प्रकरण पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने बताया कि यह वीडियो उनके संज्ञान में आ गया है। उन्होंने तत्काल एक जांच दल का गठन किया है। दल की रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


