पिपरवार में राहुल सिंह गैंग की फायरिंग, आगजनी:राजधर साइडिंग पर जेसीबी जलाई, फेसबुक पर ‘आजाद सरकार’ ने दी धमकी

झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार सीसीएल क्षेत्र स्थित राजधर साइडिंग में हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। यह वारदात बीती रात हुई, जिसकी जिम्मेदारी कुख्यात राहुल सिंह गैंग के ‘आजाद सरकार’ ने ली है। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सात से आठ नकाबपोश अपराधी राजधर साइडिंग पहुंचे। उन्होंने लोडिंग में लगी जेसीबी मशीन के ऑपरेटर को बंदूक दिखाकर नीचे उतारा। इसके बाद अपराधियों ने मशीन को घेरकर 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग की। पेट्रोल छिड़ककर जेसीबी मशीन में आग लगा दी फायरिंग से मजदूरों में भगदड़ मच गई। अपराधियों ने पेट्रोल छिड़ककर जेसीबी मशीन में आग लगा दी। मौके पर तैनात SISF के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। जब अपराधियों ने रुकने से इनकार किया, तो जवानों ने अपनी राइफल से जवाबी फायरिंग की। सुरक्षा बलों के पलटवार से अपराधी घबरा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। यदि जवान समय पर कार्रवाई नहीं करते, तो साइडिंग पर खड़ी अन्य गाड़ियां भी निशाना बन सकती थीं। सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज वायरल घटना के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज वायरल हुई। ‘आजाद सरकार’ नामक फेसबुक पेज पर कोयला ट्रांसपोर्टरों और व्यवसायियों को चेतावनी देते हुए लिखा गया कि ‘मैनेज करके काम करो वरना अंजाम बुरा होगा’। इस पोस्ट में मुन्ना अंसारी नामक व्यक्ति को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया है। धमकी में स्पष्ट कहा गया है कि खलारी से लेकर राजधर तक की सभी साइडिंग जैसे बचरा, डकरा और खलारी में काम करने वालों को अब अंजाम भुगतना होगा। घटना की जानकारी मिलते ही टंडवा SDPO प्रभात रंजन बरवार, पिपरवार थानेदार अभय कुमार और SISF के कंपनी कमांडर जयराम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। हालांकि, तकनीकी रूप से पुलिस उस फेसबुक पोस्ट की जांच कर रही है जिसमें घटना की जिम्मेदारी ली गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *