दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना अंतर्गत महंगवाकला गांव में शुक्रवार दोपहर एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। वह खेत में सिंचाई के लिए तालाब पर मशीन चालू कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने किसान को बेहोशी की हालत में देखा और तत्काल तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान महगवाकला निवासी 55 वर्षीय हीरा पिता करन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हीरा अपने खेत में पानी देने के लिए गांव के पास बने तालाब पर सिंचाई मशीन चालू करने गया था। मशीन चालू करते समय ही उसे करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई गजराज गौड़ ने बताया कि दोपहर में हीरा खेत में पानी देने गए थे। इसी दौरान तालाब पर मशीन चालू करते समय उन्हें करंट लगा और उनकी जान चली गई। एएसआई गजराज सिंह ठाकुर ने बताया कि किसान की करंट लगने से मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


