कागज पर मिड डे मील परोसा, नोटिस का जवाब नहीं:संभागायुक्त ने मैहर स्कूल प्राचार्य को निलंबित किया

मैहर जिले के शासकीय हाई स्कूल भटिगंवा में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को बच्चों को थाली की जगह कागज पर मिड-डे मील परोसने के मामले में कार्रवाई की गई है। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने शुक्रवार को स्कूल के प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रशासन ने यह कार्रवाई घोर लापरवाही बरतने के आरोप में की है। हैरानी की बात यह है कि प्राचार्य को सफाई देने का मौका दिया गया था, लेकिन उन्होंने कारण बताओ नोटिस का जवाब देना उचित नहीं समझा। नोटिस का जवाब नहीं दिया था
दरअसल, गणतंत्र दिवस के दिन बच्चों को कागज के पन्नों पर हलुआ-पूरी परोसे जाने का वीडियो तेजी से वायरल हो गया था। इस घटना के बाद मैहर कलेक्टर ने प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा था। कमिश्नर कार्यालय ने सुनील त्रिपाठी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर 2 दिन के भीतर जवाब मांगा था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी प्रभारी प्राचार्य ने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। उनकी इस चुप्पी और लापरवाही को देखते हुए कमिश्नर ने निलंबन की कार्रवाई की। कमिश्नर बी.एस. जामोद ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि एक संस्था प्रमुख के रूप में राष्ट्रीय पर्व पर छात्रों के लिए भोजन की उचित व्यवस्था न करना और कागज पर खाना परोसना अत्यंत निंदनीय है। आदेश में कहा गया है कि प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी की लापरवाही से विद्यालय में अव्यवस्था उत्पन्न हुई और शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हुई। निलंबन अवधि के दौरान सुनील कुमार त्रिपाठी का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सतना नियत किया गया है। उन्हें निलंबन काल में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

श्योपुर के बाद मैहर में हुआ ऐसा मामला
गौरतलब हो कि पिछले साल मध्यप्रदेश में श्योपुर जिले के विजयपुर से भी इस तरह की घटना सामने आई थी, जहां माध्यमिक शाला में बच्चों को थाली की जगह रद्दी कागज पर मिड-डे मील परोसे जाने का मामला सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने स्कूल प्रभारी को निलंबित कर दिया था और मिड-डे मील सप्लाई करने वाले स्व-सहायता समहू का टेंडर रद्द कर दिया था। यह भी पढ़ें… बच्चों को रद्दी कागज पर परोसा हलुआ-पूड़ी:मैहर के सरकारी स्कूल में रखा था गणतंत्र भोज मैहर जिले के शासकीय हाई स्कूल भटिगंवा में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बच्चों को विशेष भोज रद्दी कागज और फटी पुरानी किताबों के पन्नों पर परोसे जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पूरी खबर पढ़िए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *