चूरू में श्याम एकादशी भक्त मंडल राम मंदिर की ओर से 2 फरवरी को ‘श्री श्याम कृपा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत 1 फरवरी को श्याम रथ यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 2 फरवरी को राम मंदिर में भजन संध्या का आयोजन होगा। महोत्सव की तैयारियों के तहत शुक्रवार को चूरू के व्यापारियों को निमंत्रण कार्ड वितरित किए गए। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम ‘मन की बातां सांवरिया से’ थीम पर आधारित होगा। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि 1 फरवरी, रविवार को सुबह 11 बजे श्री श्याम रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सत्यनारायण मंदिर, सुभाष चौक से शुरू होकर श्रीराम मंदिर पहुंचेगी। 2 फरवरी को राम मंदिर में शाम छह बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें सूरतगढ़ की वैष्णवी जन्वेजा, कोलकाता के रवि बेरीवाल और जयपुर के आयुष सोमानी अपने भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन संध्या के दौरान बाबा का भव्य अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन से होगा। इस अवसर पर 56 भोग की झांकी सजाई जाएगी। साथ ही, फूलों की इत्र वर्षा और फूलों की होली जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ‘श्री श्याम का खजाना’ जैसे विशेष आयोजन भी होंगे। इस मौके पर बुद्धि प्रकाश शर्मा, संजय पारीक, मुकुल खेमका और सूर्यप्रकाश सोनी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।


