पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रगणकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार करौली एवं मासलपुर पंचायत समितियों में नियुक्त 168 प्रगणकों को स्थानीय पंचायत समिति सभागार में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीना के निर्देशन में हुआ। निर्वाचन कार्यालय के राजेंद्र दीवान ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को आधार तिथि मानते हुए 7 जनवरी 2025 को प्रकाशित विधानसभा, लोकसभा मतदाता सूचियों के आधार पर पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव हेतु तैयार निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 29 जनवरी को किया गया है। दीवान ने आगे बताया कि इन नामावलियों का ग्राम पंचायतों के वार्डों एवं मतदान केंद्रों पर 31 जनवरी (शनिवार) को प्रगणकों द्वारा मतदाताओं के समक्ष पठन किया जाएगा। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 1 और 2 फरवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रगणक सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 7 फरवरी तक प्रस्तुत की जा सकेंगी, जिनका निस्तारण 14 फरवरी तक किया जाएगा। इसके पश्चात पंचायत चुनाव की अंतिम निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 25 फरवरी को किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को नए मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु प्रारूप-1, मृत्यु अथवा स्थानांतरण की स्थिति में नाम विलोपन हेतु प्रारूप-2 तथा संशोधन के लिए प्रारूप-3 भरने की विस्तृत प्रक्रिया की जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र मतदाता पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकेंगे। इसके लिए जन्मतिथि एवं निवास प्रमाण पत्र के साथ एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो संलग्न कर प्रारूप-1 में आवेदन करना होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में करौली एवं मासलपुर पंचायत समितियों के कुल 168 प्रगणकों को दो सत्रों में निर्वाचन कार्यालय के राजेंद्र दीवान, विजय सिंह एवं नंदकिशोर व्यास द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर बनवारी लाल शर्मा एवं राहुल शर्मा भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रगणकों को वार्डवार निर्वाचक नामावलियां एवं आवश्यक प्रारूप भी उपलब्ध कराए गए।


