करौली पुलिस ने जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्मैक आउट’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्मैक तस्करी करते हुए एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से अवैध स्मैक भी बरामद की गई है। सदर करौली थाना पुलिस ने गश्त के दौरान रामपुर की नदी के पास हार गोपालपुर क्षेत्र से एक युवक को स्मैक की तस्करी करते हुए पकड़ा। आरोपी के पास से 3.78 ग्राम अवैध स्मैक मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर स्मैक जब्त कर ली है। इस मामले में तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है, और अग्रिम अनुसंधान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अन्य थाने को सौंपा गया है। दूसरी कार्रवाई कुड़गांव थाना पुलिस ने की, जहां गश्त के दौरान एक महिला को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 60 मिलीग्राम शुद्ध स्मैक (कुल वजन 1 ग्राम 13 मिलीग्राम) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। महिला के पास स्मैक रखने की कोई वैध अनुमति नहीं थी। इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकरण की आगे की जांच भी अन्य थाने को सौंपी गई है। करौली एसपी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान इसी सख्ती के साथ आगे भी जारी रहेगा।


