दाढ़ी | नगर पंचायत दाढ़ी में हो रहे निकाय चुनाव में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन का मामला सामने आया है। भाजपा पार्षद प्रत्याशी के खिलाफ तहसीलदार से शिकायत की गई है। वार्ड-13 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रोहित साहू ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए घर-घर जाकर आवास दिलाने महिलाओं के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार किया। वार्ड 13 निवासी रमेश निषाद, सुशील कुमार, धर्मेंद्र चौहान, जीतू व दिनेश साहू ने इसकी शिकायत की। उन्होंने बताया कि भाजपा प्रत्याशी मतदाताओं को बरगलाने व अपने पक्ष में मतदान कराने के नाम पर झूठा व फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा है। वार्ड 13 के महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास दिलाने की बात कही जा रही है। चुनाव के दो माह पूर्व ही नपं कार्यालय में वार्ड-13 के सभी जरूरतमंदों स्वयं आवेदन जमा कर चुके हैं। चुनाव के समय में भाजपा प्रत्याशी महतारी वंदन योजना व पीएम आवास के नाम पर फॉर्म भरवाकर आश्वासन दे रहा है, जो कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इस संबंध में दाढ़ी तहसीलदार सीताराम कंवर ने बताया कि वार्ड-13 के लोगों ने लिखित में भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू की शिकायत की गई है। इस पर भाजपा प्रत्याशी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।


