भास्कर न्यूज | सुकमा जिला बल, सीआरपीएफ व डीआरजी की संयुक्त पार्टी ने चिंतागुफा थाना क्षेत्र के ताड़मेटला के जंगल से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। दोनों नक्सली आईईडी प्लांट करने की घटनाओं में शामिल रहे। दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार नक्सली दूसरी घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार थाना चिंतागुफा से जिला बल, सीआरपीएफ व डीआरजी की संयुक्त पार्टी एरिया डॉमिनेशन और नक्सलियों को पकड़ने ताड़मेटला व आसपास के क्षेत्र की तरफ रवाना हुई थी। इस दौरान ग्राम ताड़मेटला के जंगल पहाड़ पास नक्सली सोड़ी दुला और माड़वी बुधरा को गिरफ्तार किया। पकड़ गए नक्सलियों ने कड़ी पूछताछ में 2023 में थाना चिंतागुफा क्षेत्र के मिनपा-अरबराजमेंटा पहाड़ी में आईईडी प्लांट करना, जिसकी चपेट में आने से 1 जवान के घायल होने की घटना में शामिल रहने की बात कही है।


