कांग्रेस नेता और वक्ता कन्हैया कुमार अंबिकापुर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित गांधी सुमिरन कार्यक्रम में शामिल हुए। रेहाना फाउंडेशन द्वारा आयोजित गांधी सुमिरन कार्यक्रम के तहत महामाया चौक से राजमोहनी भवन तक रैली निकाली गई। शाम को राजमोहनी भवन में व्यक्तव्य का आयोजन किया गया। कन्हैया कुमार ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाना जरूरी है। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर रेहाना फाउंडेशन द्वारा आयोजित गांधी सुमिरन कार्यक्रम के तहत आयोजित रैली में कन्हैया कुमार शामिल हुए। महामाया चौक से निकली रैली गांधी चौक पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात् रैली राजमोहनी देवी भवन पहुंची, जहां विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कन्हैया बोले-जनतंत्र बचा रहे, हिंसा पर रोक लगे
गांधी चौक पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि बापू ने सत्य व अहिंसा का मार्ग बताया है। यह सिर्फ देश के लिए नहीं, पूरी मानवता एवं दुनिया के लिए मंत्र है। संकल्प है। आज उनके बलिदान दिवस पर उस संकल्प को दोहराने आए हैं। कन्हैया कुमार ने कहा कि देश में लोकतंत्र, जनतंत्र का क्या होगा, इस गंभीर विषय पर बात करेंगे। मैं राजनीति करने नहीं आया। यहां के लोगों से मिलने आया हूं। हम सामूहिक रूप से यह संकल्प लेने की कोशिश करेंगे कि भारत का लोकतंत्र, जनतंत्र, जनतंत्र ही बना रहे, गन-तंत्र न बने। कन्हैया कुमार ने कहा कि गोडसे के विचार जिस तरह से देश में फैल रहे हैं। हिंसा व नफरत का विचार जिस तरह से देश में फैल रहा है, उसे रोका जाए, यही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गांधी सुमिरन कार्यक्रम को वक्ताओं ने किया संबोधित देर शाम गांधी सुमिरन का कार्यक्रम राजमोहनी देवी भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को मुख्य वक्ता कन्हैया कुमार सहित एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, शफी अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। शराब ब्रिकी पर रोक नहीं लगने का विरोध
कांग्रेस ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब बिक्री प्रतिबंधित नहीं किए जाने को लेकर आक्रोश जताया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शफी अहमद ने कहा कि गांधी जयंती पर प्रतिवर्ष शराब की बिक्री पर रोक होती थी। इस वर्ष ऐसा आदेश जारी नहीं किया गया और आज भी शराब की दुकानें खुली रहीं। यह निंदनीय है। पूरे छत्तीसगढ़ में यही स्थित है व शराब बेचने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया।


