पन्ना-अजयगढ़ बाईपास पर शुक्रवार, 30 जनवरी को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अज्ञात बाइक सवार से लिफ्ट लेना एक युवक के लिए महंगा साबित हुआ। बाइक से गिरने के कारण 23 वर्षीय युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान खजरीकुडार निवासी छोटू यादव के रूप में हुई है। छोटू ने बताया कि वह अजयगढ़ जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहा था, तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने उसे अपनी गाड़ी पर बैठा लिया। छोटू के मुताबिक, बाइक चलाने वाला व्यक्ति नशे में लग रहा था और बहुत तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। स्पीड ब्रेकर पर उछलकर सड़क पर गिरा युवक हादसा उस वक्त हुआ जब पन्ना-अजयगढ़ बाईपास के पास एक स्पीड ब्रेकर आया। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक को जोरदार झटका लगा और पीछे बैठा छोटू उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटू के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। घायल को तड़पता छोड़ फरार हुआ बाइक सवार बाइक सवार घायल छोटू की मदद करने के बजाय उसे सड़क पर ही तड़पता छोड़कर मौके से भाग निकला। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और घायल युवक को उठाकर पन्ना जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम छोटू का इलाज कर रही है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।


