लुधियाना में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन:ट्रेनों का संचालन प्रभावित, लाइन के बराबर में दीवार बनाने का विरोध, बोले- आना-जाना बंद हुआ

पंजाब में लुधियाना के ढंडारी इलाके में रेलवे ट्रैक पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन रेलवे लाइन के किनारे बनाई जा रही नई दीवार के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और छात्र शामिल रहे, जिन्होंने सुबह से ही ट्रैक पर बैठ कर विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि यह दीवार उनकी दैनिक आवाजाही को बाधित कर रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानी हो रही है। वार्ड नंबर 25 के पार्षद कमलजीत सिंह बोपाराय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की शिकायतें सुनीं और बताया कि रेलवे द्वारा बनाई जा रही दीवार से क्षेत्र का मुख्य मार्ग बंद हो रहा है। पार्षद बोपाराय के अनुसार, यह रास्ता बच्चों के स्कूल, महिलाओं के बाजार और अन्य निवासियों के दैनिक आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे बिना वैकल्पिक मार्ग के दीवार बनाने को स्थानीय लोगों के साथ अन्याय बताया। ट्रेनों का संचालन हुआ प्रभावित प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खुलवाने की मांग करते हुए कुछ देर के लिए ट्रेनों का परिचालन भी रोक दिया। स्थिति बिगड़ती देख रेलवे अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। लगभग दो घंटे तक चली चर्चा के बाद, अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को समझा गया है और रास्ता बंद नहीं किया जाएगा। पार्षद कमलजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि रेलवे के सेक्शन चार्ज अफसर दीपक ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इलाके के लोगों के लिए रास्ता खुला रखा जाएगा और समस्या का समाधान जल्द ही निकाला जाएगा। इस आश्वासन के बाद, प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक रेलवे ट्रैक खाली कर दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो वे फिर से बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *