अग्रवाल-फार्म थड़ी मार्केट में बुजुर्ग-महिला से नशीला पदार्थ पिलाकर लूट:करीब 7 लाख के गहने ले उड़े बदमाश, ऑटो में बैठाकर ढाई घंटे तक घुमाया फिर एसएमएस छोड़कर फरार

जयपुर के अग्रवाल फार्म स्थित थड़ी मार्केट में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो बदमाशों ने 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला सावित्री शर्मा को नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लिया। बदमाशों ने महिला को ऑटो में बैठाकर करीब ढाई घंटे तक शहर में घुमाया और उसके दोनों हाथों से सोने के कड़े व अंगूठियां उतार लीं। इसके बाद महिला को बेहोशी की हालत में एसएमएस अस्पताल के गेट नंबर-3 के पास छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता सावित्री शर्मा सुबह करीब 11:30 बजे द्वारका अपार्टमेंट से थड़ी मार्केट गई थीं। इसी दौरान बाजार में दो युवक उनके पास पहुंचे और खाने के लिए पैसे मांगने लगे। बातों में उलझाकर दोनों ने महिला का भरोसा जीत लिया। जब महिला आगे बढ़ीं तो बदमाशों ने पास खड़े एक ऑटो चालक को इशारा किया और बुजुर्ग महिला को घर छोड़ने की बात कहकर ऑटो में बैठा दिया। महिला के बैठते ही दोनों युवक भी पीछे बैठ गए। महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया, फिर जेवर लूटे कुछ दूरी तय करने के बाद बदमाशों ने महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वे ऑटो से दुर्गापुरा होते हुए एसएमएस अस्पताल पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने महिला के हाथों से सोने के दो कड़े (करीब 30 ग्राम) और दो अंगूठियां (करीब 10 ग्राम) उतार लीं। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है। महिला को बेहोशी की हालत में एसएमएस छोड़ गए दोपहर करीब 2 बजे बदमाशों ने महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल के गेट पर छोड़ दिया। कुछ देर बाद होश आने पर महिला ने खुद ऑटो किया और अग्रवाल फार्म स्थित अपने अपार्टमेंट पहुंचीं। घर पहुंचने पर उनके बेटे विपिन शर्मा ने शिप्रापथ थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और डॉक्टर को बुलाकर महिला का उपचार करवाया। आरोपियों की धड़ पकड़ के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही मामले को लेकर थानाप्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए थड़ी मार्केट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही ऑटो चालकों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *