मंदसौर में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन:मनरेगा, रोजगार और दूषित पेयजल पर विरोध, गांवों तक संघर्ष जारी रखने का एलान

मंदसौर जिला कांग्रेस कमेटी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) पर पूरे जिले में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों, ग्रामीण रोजगार पर संकट, दूषित पेयजल समस्या और आम जनता की अनदेखी के विरोध में आयोजित किए गए थे। जिला मुख्यालय के गांधी चौराहा पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मंदसौर ब्लॉक कांग्रेस और सीतामऊ ब्लॉक कांग्रेस द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शनों में भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। दूषित पेयजल समस्या पर सरकार को घेरा
धरनों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फंड की कटौती से गांवों में रोजगार कम होगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति और खराब होगी। कांग्रेस ने दूषित पेयजल समस्या पर भी सरकार को घेरा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले सहित पूरे प्रदेश में दूषित पेयजल एक गंभीर समस्या है, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इस पर मौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जातिगत राजनीति कर रही है। जिलाध्यक्ष ने प्रदेश स्तर पर चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से सांठगांठ कर एक ही वर्ग के नामों पर सुनियोजित तरीके से आपत्तियां लगवाकर उन्हें हटाने की साजिश की जा रही है। कांग्रेस इस प्रयास को सफल नहीं होने देगी। गांव-गांव, शहर-शहर जारी रहेगा संघर्ष
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती से मैदान में है। यह आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि गांव-गांव और शहर-शहर लगातार जारी रहेगा। कांग्रेस पार्टी राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों का पर्दाफाश करती रहेगी और जनहित की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी। जिलेभर में प्रभारियों के नेतृत्व में सफल रहे धरने
पूरे मंदसौर जिले में धरना प्रदर्शनों को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारियों ने संचालित किया। प्रमुख रूप से मंदसौर शहर ब्लॉक से भोपाल सिंह सौलंकी, मंदसौर ग्रामीण से मो. हनीफ शेख, मल्हारगढ़ से सुरेन्द्र कुमावत, संजीत से डॉ. प्रितिपाल सिंह राणा, धुंधड़का से दीपक सिंह गुर्जर, सीतामऊ से अजय लोढा, कयामपुर से परशुराम सिसोदिया, सुवासरा से मंजीत सिंह टुटेजा, शामगढ़ से सोमिल नाहटा, गरोठ से शौकत मंसूरी, मेलखेड़ा से रिंकेश डबकरा एवं भानपुरा से करण सिंह मीणा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *