नृत्यांगना आम्रपाली भंडारी ने दी कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति:आईटीआई और राजकीय संग्रहालय में बच्चों को बताई कथक की बारीकियां

झालावाड़ में स्पिक मेके की कार्यशाला के तहत एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिल्ली से पधारीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना आम्रपाली भंडारी ने दो स्थानों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। राजकीय संग्रहालय के भित्ति चित्र प्रांगण में महारानी ब्रजकुवंर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्राओं के समक्ष तथा आईटीआई संस्थान में उनकी प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश स्तुति ‘शुभ घड़ी प्रथमम गणेश मनाओ’ से हुई, जिसमें उन्होंने भगवान गणेश के विभिन्न स्वरूपों का मनोहारी वर्णन किया। इसके बाद शुद्ध नृत्य ध्रुत लय में प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला के दौरान आम्रपाली जी ने विद्यार्थियों को हस्त मुद्राएं, ताल, चक्कर और अंग संचालन की बारीकियां समझाईं। कार्यक्रम का समापन ठुमरी भजन ‘मोहे छेड़ो ना’ पर राधा-कृष्ण की लीलाओं की प्रस्तुति के साथ हुआ। स्पीक मेके के जिला संयोजक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि पंडित राजेंद्र गंगानी की शिष्या आम्रपाली भंडारी दूरदर्शन की कलाकार हैं और अमेरिका, सिंगापुर सहित कई देशों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। राजकीय संग्रहालय में प्रिंसिपल अनीता शर्मा तथा आईटीआई में प्राचार्य पीसी गुप्ता ने कलाकार का सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संग्रहालय सहायक प्रभारी अजय शर्मा और कुलवंत बैरागी का विशेष योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *