गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने पेंड्रा के दुर्गा चौक और गौरेला में ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों का निरीक्षण किया। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिले के तीनों नगरीय निकायों – गौरेला, पेंड्रा और मरवाही के सभी वार्डों में ईवीएम का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही, ग्राम पंचायतों में रंगोली और मतदान शपथ जैसे विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। दो बैलेट यूनिट लगेंगे चुनाव व्यवस्था की विशेष बात यह है कि गौरेला और पेंड्रा नगरीय निकायों में अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए कम उम्मीदवार होने के कारण एक-एक बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा। वहीं मरवाही में अधिक उम्मीदवार होने के चलते दो बैलेट यूनिट का इस्तेमाल होगा। ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण कलेक्टर मंडावी ने गौरेला नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 2 सिंगलटोला मोहल्ला में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आम नागरिकों को ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया सरल तरीके से समझाएं, जिससे चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित हो सके।


