गर्ल्स स्कूल के पास जमीन पर पटक-पटककर बेल्ट से पीटा:नर्मदापुरम में एक युवती ने किया बीच-बचाव, सामने आया वीडियो

नर्मदापुरम में दिनदहाड़े सरेआम एक युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। एक युवक बेल्ट और लातों से एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है। युवक का गुस्सा इतना बेकाबू था कि लोगों के रोकने के बावजूद उसने सड़क से पत्थर उठाकर फेंका, जो सड़क किनारे खड़ी एक महिला को जा लगा। घटना गुरुवार शाम करीब 4.15 बजे की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मारपीट क्यों हुई? मारपीट करने वाला युवक कौन है और पीड़ित व्यक्ति की पहचान क्या है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि युवक पूरी तरह आक्रोशित था और उसे न पुलिस का डर था और न ही समाज का। वीडियो के मुताबिक, युवक पीड़ित को जमीन पर पटककर बेल्ट और थप्पड़ों से लगातार मारता रहा। इस दौरान एक युवती दौड़कर उसे रोकने की कोशिश करती दिखाई देती है। बाद में कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से आरोपी युवक को पीड़ित से अलग किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पीड़ित व्यक्ति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह विक्षिप्त बताया जा रहा है। देखिए मारपीट के विजुअल छेड़छाड़ या परेशान करने की आशंका
घटना गर्ल्स स्कूल के गेट के पास हुई, जहां से होम साइंस कॉलेज की ओर जाने वाला रास्ता भी है। जिस युवती ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, उसे देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि मामला छेड़छाड़ या किसी तरह की परेशान करने वाली हरकत से जुड़ा हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। टीआई बोले- थाने में नहीं हुई शिकायत
कोतवाली थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि इस मामले में फिलहाल थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जानकारी जुटा रही है। मारपीट की असली वजह, पीड़ित और आरोपी की पहचान करने के साथ ही मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *