फॉरेस्ट अधिकारी के नाबालिग बेटे ने कार और एटीएम जलाए:आरोपी ने सनक में पार्षद पति की कार तोड़ी, पेट्रोल डालकर एटीएम व कार में लगाई आग

ग्वालियर में गणतंत्र दिवस पर एक सिरफिरे लड़के ने सड़क पर खड़ी अर्टिगा कार और एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसी उत्पात मचाने वाले युवक ने एक पार्षद पति की स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गुरुवार रात घटना का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि यह पूरा कांड एक नाबालिग छात्र ने किया था। आरोपी दसवीं कक्षा का छात्र है और उसके पिता वन विभाग में अधिकारी बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, छात्र ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाबालिग को पकड़ लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। ग्वालियर में किला गेट चौराहा पर एचडीएफसी बैंक का एटीएम लगा हुआ है। 26 जनवरी को जब पूरे ग्वालियर में पुलिस हाई अलर्ट पर थी और हर तरफ गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम हो रहे थे, तभी सुबह 11:30 बजे एक सिरफिरा लड़का एचडीएफसी के एटीएम में पहुंचता है और इधर-उधर देखता है और एटीएम के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा देता है। मशीन में आग लगते ही फायर अलर्ट चालू होता है और जानकारी सीधे मुम्बई स्थित बैंक के मुख्यालय पहुंचती है। एटीएम में आग लगने की जानकारी ग्वालियर की टीम को मुम्बई से दी गई। आग लगने की सूचना मिलते ही टीम किला गेट पहुंची और जांच शुरु की। एटीएम में लगे CCTV में घटना देखने के बाद बैंक की टीम हत प्रभ रह गई। आग लगाने के बाद आरोपी एटीएम परिसर में ही खड़ा रहा। आग लगने के बाद जब काफी देर तक मशीन नहीं खुली तो बदमाश निकल कर भाग गया। बुधवार रात को बैंक कर्मी अविनाश यादव निवासी हनुमान कॉलोनी ने ग्वालियर थाना पहुंचकर शिकायत की। अर्टिगा कार में पेट्रोल डालकर लगाई थी आग
अभी पुलिस पड़ताल कर पाती, उससे पहले ग्वालियर थाना क्षेत्र स्थित पच्चीपाड़ा निवासी शंकर सिंह तोमर भी थाना पहुंचे। शंकर सिंह ने बताया कि उनकी घर के बाहर खड़ी उनकी आर्टिगा कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। शंकर सिंह बाहर निकले तो उन्हें गालियां देने लगा। जब बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागा गया। इसके बाद वार्ड 13 की पार्षद ज्योति सिकरवार के पति और भाजपा नेता दिनेश सिंह सिकरवार की स्कार्पियो नम्बर एमपी07सीजी-3472 में तोड़-फोड़ कर दी। पत्थर मारने से स्कार्पियो का आगे का कांच तोड़ दिया। सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया आरोपी शहर में एक सिरफिरे लड़के द्वारा उत्पात मचाने और कार व एटीएम में पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। कार में आग लगाते समय उसके स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी नाबालिग है और दसवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता वन विभाग में अधिकारी बताए जा रहे हैं। सनकी निकला नाबालिग छात्र पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नाबालिग है और दिमाग से सनकी है। घर में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह पिछले पांच दिनों से घर नहीं गया था। वारदात के समय वह नशे की हालत में था और गुस्से में होने के कारण कुछ भी समझ नहीं पा रहा था। एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया- एटीएम और कार पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा गया है। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने ऐसा क्यों और किन परिस्थितियों में किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *